असम में रायपुर पुलिस के इंस्पेक्टर और पूरी टीम हिरासत में… कार से ढाई लाख रु जब्त… दो आरोपियों को पैसे लेकर वहीं छोड़ने का आरोप
गुवाहाटी में असम पुलिस ने साइबर क्राइम के आरोपी पकड़ने के लिए रायपुर पुलिस की पूरी टीम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ़्तार किए गए पुलिसवालों में इंस्पेक्टर रविंद्र यादव, एक एएसआई तथा हवलदार और सिपाही शामिल हैं। गुवाहाटी पुलिस का आरोप है कि रायपुर से गई टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लिया और कथित तौर पर दो आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ दिया। इन्ही दोनों ने एफ आई आर करवा दी। असम पुलिस का दावा है की रायपुर पुलिस की कार से ढाई लाख रुपए कैश बरामद हो गए हैं।
रायपुर में एक आरटीओ (RTO) एजेंट के साथ 17.15 लाख रुपए की ठगी हुई थी, जिसके तार असम से जुड़े पाए गए थे। रायपुर पुलिस की यह टीम एक डिजिटल अरेस्ट और साइबर धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों को पकड़ने असम गई थी। अपडेट ये है कि गुवाहाटी पुलिस ने रायपुर के इंस्पेक्टर और उनकी टीम को लगभग 24 घंटे हिरासत में रखा है। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर भ्रष्टाचार और प्रक्रिया के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी।



