आज की खबर

कांग्रेस टिकट का इंतजार करते थककर सो गए दावेदार… देरी से परेशान भी हुए लेकिन नेताओं ने इसे बताया रणनीति

कांग्रेस के टिकट का इंतजार करते-करते अधिकांश दावेदार रात दो-ढाई बजे तक तो जागते रहे, इसके बाद अधिकांश थककर सो गए। पार्टी के आखिरी में टिकट जारी करने के सिस्टम पर सवाल उठे और इस पर नाराजगी भी जताई जाती रही। घंटों इंतजार के बाद दावेदारों के साथ इकट्ठा समर्थक भी अपने-अपने घरों को चले गए। शहर से भीड़ गायब हो गई, तब कांग्रेस से रात 3 बजे से रायपुर समेत 7 नगर निगमों के वार्ड प्रत्याशियों की सूची धड़ाधड़ आनी शुरू हुईं। इनके साथ कई नगरपालिका और नगर पंचायतों के वार्डों की लिस्ट भी आईं, फिर बमुश्किल 20 सेकंड में दो दर्जन सूचियां जारी करके कांग्रेस संचार विभाग का सुशील आनंद शुक्ला का अफिशिय़ल ग्रुप खामोश हो गया। ग्रुप सुबह साढ़े 5 बजे एक सेकंड के लिए फिर हरकत में आया, फाइनल लिस्ट जारी हुई और फिर इस खबर के लिखे जाने तक चुप्पी। हालांकि रात में ही कुछ नेताओं ने साफ किया कि लिस्ट तो दोपहर से तैयार थी (यह बात सही भी है), रणनीति के तहत टिकट देर रात जारी किए गए हैं। हालांकि सूचियां इतनी देर से आईं कि जिन्हें पता भी चल गया कि टिकट मिल गया है, वे अपनी खुशी का इजहार नहीं कर पाए। सुबह कहीं-कहीं से पटाखे फूटने की आवाजें आती रहीं, लेकिन यह नहीं के बराबर थीं। दोपहर 12 बजे के बाद नामांकन जुलूस-रैलियां शुरू होंगी, तब थोड़ी रौनक लगेगी। हालांकि आज फार्म वगैरह भरकर जमा करने में नेताओं का सारा दिन निकल जाएगा। चुनावी तैयारी और दावतों का सिलसिला रात से ही शुरू हो पाएगा।

कांग्रेस ने सूचियों की शुरुआत अंबिकापुर नगर निगम के पार्षद प्रत्याशियों से की। इसके तुरंत बाद कोरबा नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी गई। इसी दौरान नगर पालिका के वार्ड प्रत्याशियों की आरंग, मंदिरहसौद, महासमुंद, बागबाहरा, नगर पंचायत तुमगांव, पिथौरा, चंदखुरी, समोदा की सूची जारी हुईं। कुछ संशोधन जारी करने के बाद कांग्रेस ने जशपुर समेत आधा दर्जन और नगरपालिकाओं की सूची रिलीज कर दी। इसके बाद नगर निगमों के प्रत्याशियों की सूची जारी करने का सिलसिला फिर शुरू हुआ और एक-एक करके रायगढ़, चिरमिरी तथा रायपुर के नाम जारी किए गए। हालांकि रायपुर नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की एक और संशोधित लिस्ट सुबह साढ़े 5 बजे जारी की गई, लेकिन इसमें भी चार वार्डों के प्रत्याशियों के नाम नहीं हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button