आज की खबर

42* गर्मी में सीएम हाउस घेरने निकले कांग्रेसी… अध्यक्ष बैज-साथियों ने बैरिकेड तोड़ा, पुलिस से धक्कामुक्की… भारी गर्मी से एक-दो प्रदर्शनकारी महिलाएं बेहोश

छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सीएम हाउस के घेराव के रूप में कांग्रेस ने राजधानी में बड़ा प्रदर्शन किया है। कड़ी धूप और जोरदार गर्मी में भी कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान खासा जोश दिखाया। गांधी मैदान में सभा के बाद सीएम हाउस की ओर निकले कांग्रेस को पुलिस ने महिला थाना चौक और ओसीएम चौक पर रोकने की नाकाम कोशिश की। यहां छोटे बैरिकेड लगे थे, जिन्हें कांग्रेसियों ने गिरा दिया और आगे बढ़ा। पुलिस ने दीवार बनाकर रोकना चाहा, तो प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और साथियों की सिपाहियों से धक्का-मुक्की हुई। लेकिन गास मेमोरियल चौक पर पुलिस का बैरिकेड स्ट्रांग तथा सुरक्षा इंतजाम भी पुख्ता थे। उस इंतजाम को भेदा नहीं जा सका। जबर्दस्त नारेबाजी के बीच कांग्रेस का सीएम हाउस घेराव वहीं संपन्न हो गया। प्रदर्शन के दौरान बेतहाशा गर्मी की वजह से कुछ महिला कांग्रेसियों के अचेत होने की भी सूचना है।

सीएम हाउस घेरने के लिए निकलने से पहले कांग्रेसियों ने गांधी मैदान पर एक सभा की, जिसमें कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बैज ने केवल राजधानी में पिछले एक साल के अपराध के आंकड़े जारी किए और दावा किया कि रायपुर में हत्याएं और महिलाओं पर अत्याचार कई गुना बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को काफी खराब करार दिया और इसके लिए डबल इंजन सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कुछ नेताओं ने अपने संबोधन में गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर गृहमंत्री इस्तीफा नहीं देते, तो सीएम को खुद उनसे इस्तीफा लेना चाहिए। इसके बाद घेराव पर निकले कांग्रेसियों को गास मेमोरियल चौक पर रोका गया, तो वहां भी छोटी सभा हुई। एएसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि कांग्रेसियों की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई, लेकिन गिरफ्तारी की नौबत नहीं आई। शाम करीब साढ़े 4 बजे प्रदर्शन समाप्त हो गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button