बस्तर में योगी आदित्यनाथ समेत 4 राज्यों के सीएम 19 को रहेंगे… सीएम साय ने मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक की तैयारी पर किया मंथन
मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की 26वीं बैठक 19 मई को बस्तर में होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इस उच्च स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय के साथ-साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री (कुल 4 CM) शामिल होंगे। सीएम साय ने 15 मई को महानदी भवन (मंत्रालय) में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बस्तर आयोजन की तैयारियों और राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने वाले प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की है।
बैठक में परिषद के चारों सदस्य राज्यों—छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। नक्सलवाद के साये से बाहर निकलकर बस्तर (छत्तीसगढ़) में पहली बार इतने बड़े स्तर की राष्ट्रीय बैठक आयोजित की जा रही है, जो क्षेत्र के विकास और शांति का एक बड़ा प्रतीक है। बैठक में नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर के सामाजिक-आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे (Infrastructure), सुरक्षा, नए सुरक्षा कैंपों को जनसुविधा केंद्रों में बदलने और अंतर-राज्यीय समन्वय जैसे गंभीर मुद्दों पर रणनीति बनेगी।
इधर, मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक से ठीक पहले छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ है। इसके अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ में ₹2,225 करोड़ की लागत से 2,427 किलोमीटर लंबी 774 सड़कों का शिलान्यास मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया है।इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों का भी लोकार्पण हुआ है।



