आज की खबर

सीएम साय बस्तर, सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, खैरागढ़ में काम से असंतुष्ट … अफसरों को हिदायत- बर्ताव सुधारें वर्ना मैं करूंगा कार्रवाई

बलरामपुर, सुकमा में अब तक स्कूलों में साइकिल नहीं बंटने पर जताई नाराजगी

सीएम विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के कलेक्टर और एसपी की कांफ्रेंस नया सर्किट हाउस में गुरुवार को सुबह 10 बजे शुरू कर दी। बैठक से जो खबरें निकल रही हैं, उनका सार ये है कि सरकार कई जिलों में अलग-अलग योजनाओं के क्रियान्वयन से संतुष्ट नहीं है। सीएम साय ने अफसरों को भी हिदायत दी है – आपके अधीनस्थ अगर लोगों से अच्छा बर्ताव नहीं करते तो आप उन्हें हटा दें। अगर आपने भी यही किया, तो मैं आपको हटा दूंगा। कलेक्टर्स कांफ्रेंस में राजस्व, कौशल विकास, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य विभाग की जुड़ी गतिविधियों को लेकर सीएम ने बस्तर, सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती और खैरागढ़ प्रशासन के प्रति असंतोष जाहिर किया है। सुकमा और बलरामपुर में साइकिल वितरण नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सीएम साय ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने मोदी गारंटी और विकसित छत्तीसगढ़ के कांसेप्ट को लेकर भी अफसरों को ताकीद की है कि इन पर कठिन परिश्रम की जरूरत है।

कलेक्टर कांफ्रेंस में सीएम साय ने राजनांदगांव में छात्र-छात्राओं से दुर्व्यवहार का उल्लेख करते हुए सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि आम लोगों से बातचीत में भाषा पर पूरी तरह संयम रखा जाए। कलेक्टर्स कांफ्रेंस में सीएम साय ने कहा-  अगर उनके मातहत अफसर संयम नहीं रखते तो आप लोग उन पर कार्रवाई करें। अगर आप लोगों ने ऐसी गलती की, तो मैं आप पर कार्रवाई कर दूंगा। दरअसल सीएम साय को पहले भी कई जिलों से अफसरों के बर्ताव को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर कांफ्रेंस में उन्होंने साफ इशारा किया कि ऐसी कोई भी बात अब सरकार बर्दाश्त नहीं करनेवाली है।

सीएम साय ने बस्तर, सारंगढ़ ,और खैरागढ़ में राजस्व मामलों की पेंडेंसी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर तुरंत अविवादित और विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, त्रुटि सुधार, डायवर्सन और नक्शा-बटांकन जैसे कार्यों की तुरंत जानकारी लें और टाइम लिमिट पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि सीमांकन तथा छोटी-छोटी त्रुटियों के सुधार के लिए लोग भटकते रहते हैं। इसे बंद किया जाए। सीएम ने मनरेगा में मानव दिवस सृजन कम होने पर बस्तर कलेक्टर पर नाराजगी जताई। पीएम कौशल विकास योजना के मामले में सीएम साय खैरागढ़, सारंगढ़, सक्ती और रायगढ़ में धीमी रफ्तार को लेकर कलेक्टरों पर नाराज हुए हैं। कलेक्टर कांफ्रेंस शाम तक चलनेवाली है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button