आज की खबर
छत्तीसगढ़ विधानसभा : एस्पिरिन की खरीदी पर कांग्रेस का हंगामा… मंत्री बोले- फर्म ब्लैकलिस्ट होने का पता चलते ही ठेका रद्द
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन, 15 जुलाई को यूनिक्योर इंडिया कंपनी से एस्पिरिन (Aspirin) दवा की आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता को लेकर सदन में भारी हंगामा हुआ। विपक्ष (कांग्रेस) ने आरोप लगाया कि गुजरात सरकार द्वारा ब्लैकलिस्ट की जा चुकी कंपनी से छत्तीसगढ़ में अमानक दवाओं की खरीदी और सप्लाई की जा रही है, जिससे मरीजों की जान को खतरा हो सकता है। हालांकि जवाब में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि गुजरात सरकार ने जिस प्रोडक्ट (Aspirin Gastro-resistant) को ब्लैकलिस्ट किया था, वह छत्तीसगढ़ में नहीं खरीदा गया। छत्तीसगढ़ में कंपनी से अनकोटेड (Uncoated) एस्पिरिन ली जा रही थी (जो डिस्प्रिन की तरह पानी में तुरंत घुल जाती है)। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जैसे ही कंपनी के गुजरात में ब्लैकलिस्ट होने की सूचना मिली, मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने तुरंत एस्पिरिन टैबलेट के क्रय आदेश (Purchase Order) को निरस्त कर दिया।
विधानसभा में कांग्रेस सदस्य अटल श्रीवास्तव और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) द्वारा की जा रही दवा खरीदी पर सवाल उठाए। विपक्ष का आरोप था कि जिस कंपनी (यूनिक्योर इंडिया लिमिटेड) को गुजरात में प्रतिबंधित किया गया है, उससे छत्तीसगढ़ में दवाएं खरीदी जा रही हैं। विपक्ष ने सरकार से पूछा कि टेंडर रद्द करने से पहले कितनी दवाएं सप्लाई की जा चुकी थीं, वे कहां बांटी गईं और कितने मरीजों को दी गईं?



