आज की खबर

सभी कलेक्टर-एसपी की कल से दो दिन परीक्षा… सीएम साय पूछेंगे- अब तक क्या किया, आगे का क्या प्लान

छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के कलेक्टर और एसपी को गुरुवार 12 सितंबर से शुक्रवार 13 सितंबर तक एक तरह से दो दिन की परीक्षा देनी होगी। परीक्षा सीएम विष्णुदेव साय लेंगे। दो दिन में सभी कलेक्टर और एसपी से सीएम पूछेंगे कि पदस्थापना के बाद से अब तक क्या काम किए, उनके जिलों में क्या डिफरेंट हुआ, किन कार्यों से आम लोगों को मदद मिली और इनोवेशन क्या था। सिर्फ इतना ही नहीं, यह भी पूछा जाएगा कि आने वाले दिनों के लिए उनका प्लान क्या है और यह आम लोगों की सुविधा के लिहाज से  कितना उपयुक्त है। यह भी पूछा जाएगा कि केंद्र सरकार जो भी जनकल्याणकारी योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है, उसमें अफसरों ने अपने जिलों में किस तरह से अमल किया है। चूंकि सीएम साय सुबह दो दिन सुबह 10 बजे से देर शाम तक कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस में रहेंगे, इसलिए उनका गुरुवार का सीएम हाउस जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

कांफ्रेस के लिए दूरस्थ जिलों के कलेक्टर और एसपी बुधवार की शाम ही रायपुर पहुंच गए हैं। सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस में कांफ्रेंस की तैयारी चल रही है। दोनों ही दिन कांफ्रेंस सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन तथा डीजीपी अशोक जुनेजा भी रहेंगे। अब तक जो प्रोग्राम मिला है, उसके मुताबिक गुरुवार को सीएम साय प्रदेशभर के कमिश्नर-कलेक्टरों से उनके कार्यों का लेखा-जोखा लेंगे। अगले दिन यानी शुक्रवार को सभी आईजी और एसपी से रेंज और जिलों में किए गए कार्यों तथा भविष्य के प्लान के बारे में बात होगी। दोनों ही दिन सीएम साय अफसरों को सरकार की कार्यप्रणाली और नीतियों को लेकर टिप्स भी देंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button