आज की खबर

अबूझमाड़ मैराथन… जिन जंगलों में नक्सली ख़ौफ़ से परिंदा भी पर नहीं मारता था, वहीं 21 किमी दौड़े एथलीट… यह ऐतिहासिक इवेंट

कुछ ही महीने पहले तक नक्सली ख़ौफ़ से घिरे नारायणपुर के अबूझमाड़ जंगल में दहशत का कोहरा छँट रहा है। रविवार को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन में देश ही नहीं बल्कि विदेश के एथलीट 21 किमी दौड़े और बस्तर में शांति प्रक्रिया में एक बड़ा अध्याय लिख दिया। अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2025 में 11 हजार से अधिक एथलीट शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के अक्षय कुमार ने पुरुष वर्ग में और इथियोपिया की हिवेत जेब्रीवाहिद ने महिला वर्ग में बाजी मारी। पुरुष 21 किमी वर्ग में अक्षय ने 01 घंटा 02 मिनट 15 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि महिला 21 किमी वर्ग में इथियोपिया की हिवेत जेब्रीवाहिद ने 01 घंटा 13 मिनट 01 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की। इस मौके पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह बस्तर की समृद्ध संस्कृति, शांति और विकास का प्रतीक बन चुका है। इस प्रतिष्ठित मैराथन में देश-विदेश के हजारों धावकों ने भाग लिया और अमन, चैन और खुशहाली का स्पष्ट संदेश दिया।

अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के 10 किमी और 5 किमी वर्ग में भी रोमांचक प्रतिस्पर्धा रही। उत्तर प्रदेश की अमृता पटेल और सूरजपुर की सोनिका राजवाड़े ने क्रमशः 10 किमी और 5 किमी महिला वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष 10 किमी वर्ग में उत्तर प्रदेश के मोनू कुमार और 5 किमी वर्ग में स्थानीय धावकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विजेताओं को 1.5 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त विजेताओं को 1 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वालों को भी पुरस्कार दिया गया। स्थानीय प्रतिभाओं को भी 5-5 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। मैराथन का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने किया। कार्यक्रम में बस्तर आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं हजारों दर्शक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button