युवक ने महिला के प्रेम में उसके 4 साल के बेटे की जान ली… रायपुर की वारदात, 7 महीने बाद अरेस्ट
राजधानी रायपुर के आमानाका में 4 साल के मासूम मयंक मिश्रा की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी जयदीप सिंह (27 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जयदीप मृत बच्चे की मां से प्रेम करता था। आरोपी इस मासूम बच्चे को अपने रिश्ते के बीच की रुकावट मानता था, इसलिए उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक वारदात 1 नवंबर 2025 को आमानाका इलाके में हुई थी, जहां 4 साल का मयंक संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश मिला था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि बच्चे की मौत गला दबाने (Strangulation) के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। हत्या के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। रायपुर पुलिस की विशेष टीम तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) और मुखबिरों की मदद से उसकी तलाश कर रही थी, जिसके बाद उसे दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।



