जिला पंचायतों में दूसरे चरण की 123 में से 97 सीटों पर भाजपा का परचम… जनपद-पंचायतों में भी 80 फीसदी सीटें जीतने का दावा, जारी किए नतीजे

छत्तीसगढ़ में 20 फरवरी को त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए दूसरे चरण का मतदान हुआ, जिसके नतीजे शुक्रवार तक लगभग आ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दूसरे चरण की 123 जिला पंचायत सीटों में से 97 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत का दावा किया है। भाजपा के पंचायत चुनावों के प्रदेश संयोजक सौरभ सिंह ने एकात्म परिसर में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जिन 97 सीटों पर भाजपा जीती है, उनमें 85 डायरेक्ट भाजपा समर्थित तथा 12 भाजपा समर्थित निर्दलीय हैं। इसी तरह, जनपद पंचायतों में पार्टी समर्थित प्रत्याशी 75 फीसदी से ज्यादा तथा सरपंचों की तकरीबन 80 फीसदी सीटें जीतने में कामयाब रहे हैं। भाजपा ने जीते हुए प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है। कांग्रेस से अब तक दूसरे चरण के चुनावी नतीजों को लेकर किसी तरह का दावा नहीं किया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर होते हैं, इसलिए विजयी प्रत्याशियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों से दावे किए जा रहे हैं। भाजपा की ओर से पहले चरण के चुनाव में भी बड़ी जीत का दावा किया गया था, लेकिन अगले दिन कांग्रेस ने अपनी जीत की दावेदारी के साथ जिलावार विजयी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी। दूसरे चरण के लिए भी भाजपा ने जिला पंचायत, जनपद और ग्राम पंचायतों के नतीजे पहले जारी किए हैं। नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पंचायत चुनावों के परिणाम तुरंत प्राप्त करने के लिए एक सिस्टम बनाया गया है, जहां सीधे ही नतीजे पहुंच रहे हैं। इसीलिए पार्टी पहले ही नतीजों के आधार पर अपना दावा प्रस्तुत कर रहे हैं। पंचायत का चुनाव का तीसरा और अंतिम चरण का मतदान तीन दिन बाद, यानी 23 फरवरी को होना है और उसी दिन नतीजे आने लगेंगे। भाजपा का दावा है कि नगरीय निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी पंचायतों के हर स्तर पर 75 से 80 फीसदी सीटें जीतने की ओर बढ़ रहे हैं।