परिसीमन बिल कल संसद में, पास हुआ तो छत्तीसगढ़ का चुनावी नक्शा बदल जाएगा… किन ज़िलों में विधानसभा सीटें कितनी होंगी, संकेतों पर आधारित विश्लेषण
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार कल सोमवार को इस विधेयक को संसद में पेश करेगी। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के कुछ दल इस बिल के विरोध में है, जबकि एनडीए ने दक्षिण भारत के कुछ दलों को राजी कर लिया है। बिल पास करने के लिए केंद्र सरकार को दो-तिहाई बहुमत चाहिए। बिल गिरता है तो कुछ नहीं बदलेगा, लेकिन अगर पास हो गया तो पूरे देश का चुनावी नक्शा बदल जाएगा। छत्तीसगढ़ में लोकसभा सीटें बढ़कर 16-18 होने तथा विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135 हो जाने का अनुमान है। विधानसभा सीटों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर से लेकर कवर्धा जैसे छोटे जिले में भी विधानसभा सीटें मौजूदा से डेढ़ से दोगुना होने की संभावना है।
किस जिले में कितनी सीटें बढ़ेंगी, इसका कोई आधिकारिक या सटीक जिलेवार आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं है। लेकिन पुख्ता अनुमान है कि उस स्थिति में छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में विधानसभा सीटों का गणित बदल सकता है। रायपुर जिले में सात विधानसभा सीटें हैं, जो बढ़कर 11 हो सकती हैं। बिलासपुर और दुर्ग जिले में छह-छह सीटों की जगह नौ-नौ सीटें होने का अनुमान है। रायगढ़, कोरबा, बलौदाबाजार-भाटापारा और महासमुंद में चार सीटों की जगह छह-छह विधानसभा सीटें हो सकती हैं। जशपुर और जांजगीर-चांपा में तीन से बढ़कर पांच सीटें होने का अनुमान है। कबीरधाम (कवर्धा) में दो से चार, बलरामपुर जिले में दो से चार और मुंगेली में दो से चार सीटें हो सकती हैं। राजनांदगांव जिले में चार की जगह पांच विधानसभा सीटें होने का अनुमान है। वहीं, गरियाबंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, बालोद, सूरजपुर, सरगुजा और बेमेतरा जैसे जिलों में भी एक सीट बढ़ सकती है।
यदि एक-तिहाई (33%) महिला आरक्षण का प्रावधान लागू होता है, तो 135 विधानसभा सीटों में से 45 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। परिसीमन में आबादी के हिसाब से ही सीटों का नया समीकरण तय होगा। छत्तीसगढ़ की 2011 में आबादी करीब 2.55 करोड़ थी। यदि विधानसभा सीटों की संख्या 135 होती है तो औसतन एक विधानसभा क्षेत्र की आबादी करीब 1.89 लाख होगी। इसी औसत को आधार बनाकर जिलेवार सीटों की संभावित संख्या का आकलन किया गया है।



