देश-विदेश

डीके शिवकुमार 3 जून को लेंगे कर्नाटक के नए सीएम की शपथ… चार डिप्टी सीएम हो सकते हैं उनकी कैबिनेट में… भूपेश बघेल ने फोटो पोस्ट कर दी बधाई

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को शनिवार को सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुने जाने के बाद 3 जून 2026 को शाम 4:05 बजे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री (CM) के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक नए कैबिनेट समीकरणों को साधने के लिए सरकार में चार नए उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) और करीब आधा दर्जन मंत्रियों को पहले चरण में शपथ दिलाई जा सकती है। मंत्रियों के नामों और सरकार के अंतिम स्वरूप को तय करने के लिए डीके शिवकुमार सोमवार को दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सहित शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं। इधर, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने रविवार को सोशल मीडिया पर डीके शिवकुमार को “मित्र” संबोधित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भेजीं तथा कहा कि वे आलाकमान की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डीके शिवकुमार, सिद्दारमैया और कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन जाकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की। शिवकुमार द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद राज्यपाल गहलोत ने उन्हें आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद संभालने और सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया है।

बता दें कि बेंगलुरु में आयोजित विधायक दल की बैठक में निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने खुद डीके शिवकुमार को नया नेता चुनने का प्रस्ताव रखा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद सभी विधायकों ने एक सुर में डीके शिवकुमार के नाम को मंजूरी दी। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर बेंगलुरु पहुंचकर इस पूरी प्रक्रिया की देखरेख की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button