जांजगीर की अमिता ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा… माइनस 40 डिग्री ठंड से गंभीर फ़्रॉस्टबाइट… हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू, काठमांडू अस्पताल में
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है। अमिता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। लेकिन समिट पूरा करने के बाद बेस कैंप लौटते समय शून्य से 40 डिग्री नीचे (-40°C) तापमान, अत्यधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। अमिता को तुरंत हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर काठमांडू (नेपाल) के नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल (Norvic International Hospital) में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक वे ‘गंभीर फ्रॉस्टबाइट’ (severe frostbite) और हाई एल्टीट्यूड संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को काठमांडू में लगातार समन्वय बनाकर अमिता के इलाज के लिए हरसंभव सरकारी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



