अंबिकापुर-बिलासपुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट… 72 सीटर एटीआर, सीएम साय करेंगे शुरुआत

छत्तीसगढ़ के शहरों से महानगरों की एयर कनेक्टिविटी के लिए कल सोमवार, 30 मार्च का दिन अहम है, क्योंकि माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अम्बिकापुर) और बिलासपुर से महानगर दिल्ली एवं कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा शुरू होगी। दोनों शहरों की फ्लाइट अंबिकापुर से शुरू हो रही हैं और दिल्ली या कोलकाता के साथ बिलासपुर भी एक स्टापेज रहेगा। दोनों फ्लाइट हफ्ते में दो-दो दिन चलेंगी और विमान 72 सीटर एटीआर होगा। सीएम विष्णुदेव साय 30 मार्च को सुबह 10 बजे रायपुर से वर्चुअली विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आम नागरिकों उपस्थित रहेंगे।
अब तक जो शिड्यूल आया है, उसके मुताबिक अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को चलेगी। सोमवार को फ्लाइट सुबह 7.50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10.25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, वहां से 10.50 बजे रवाना होकर 11.35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट दोपहर 12.05 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 2.35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को सुबह 7.50 बजे दिल्ली से सीधी फ्लाइट उड़कर 10.25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी, फिर 10.50 बजे अंबिकापुर से निकलकर 11.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 12.00 बजे उड़कर 2.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
अंबिकापुर से कोलकाता के लिए भी हफ्ते में दो दिन फ्लाइट चलेगी। शनिवार को सुबह 7.05 बजे कोलकाता से फ्लाइट उड़ान भरकर 8.55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, फिर 9.20 बजे वहां से रवाना होकर 10.00 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। इसके बाद 10.25 बजे अंबिकापुर से उड़कर 12.15 बजे कोलकाता पहुंच जाएगी। वहीं गुरुवार को सुबह 7.05 बजे कोलकाता से सीधी फ्लाइट उड़कर 8.50 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी, फिर 9.15 बजे अंबिकापुर से निकलकर 9.55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 10.20 बजे उड़कर 12.05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। निर्धारित शेड्यूल के तहत यात्रियों को आने-जाने दोनों दिशाओं में सुविधा उपलब्ध होगी तथा बिलासपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी सुदृढ़ होगी। कोलकाता के लिए भी विमान सेवा प्रारंभ होने से पूर्वी भारत के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र से सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।



