राजिम से छुरा के बीच 43 किमी सड़क डेढ़ सौ करोड़ रु से होगी चौड़ी… साय सरकार ने पहले बजट में घोषणा, टेंडर अगले माह
साय सरकार ने राजिम से छुरा तक करीब 43.50 किमी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और इसे मजबूत करने के लिए 145.50 करोड़ रुपए मंजूर कर दिए हैं। गरियाबंद जिले की यह अहम सड़क केवल वहां नहीं बल्कि रायपुर वालों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से बहुत सारे लोगों का राजिम और आसपास लगातार आना जाना है। पीडब्लूडी मंत्री अरुण साव के प्रस्ताव पर सीएम विष्णुदेव साय ने सड़क के लिए बजट मंजूर करवाया है। साय सरकार के पहले बजट (2024-25) में इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का प्रोजेक्ट शामिल किया गया था। पीडब्लूडी सचिव आईएएस डा. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि सड़क का टेंडर जल्दी ही लगा दिया जाएगा और वर्क आर्डर जारी होगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार चौड़ाई जून 2027 तक पूरी कर ली जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण की सूचना जारी कर दी है। इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए आसपास की थोड़ी जमीन की अधिगृहीत होगी। कुल लागत में इस राशि की व्यवस्था कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि टेंडर लेने वाली संस्था को इसी सीमा में अधिग्रहण के लिए खर्च करना होगा। चौड़ाई में राजस्व समेत सरकार के जिस विभाग की जमीन आ रही है, उनसे जमीन लेने की प्रक्रिया ठेकेदार को निर्माण के दौरान ही पूरी करनी होगी। रायपुर संभाग में जिन बड़ी सड़कों के लिए बड़े प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं, उनमें गरियाबंद की इस जिला सड़क को अहम माना जा रहा है। इससे राजिम की जिले के आदिवासी अंचल से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।



