आज की खबर

राजधानी में बाबा साहेब की 21 फीट ऊँची प्रतिमा… पंचधातु से बनी है, सीएम ने किया अनावरण

राजधानी रायपुर में संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 21 फीट ऊंची पंचधातु से निर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण हुआ है। सीएम विष्णुदेव साय ने जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के सामने अंबेडकर चौक पर भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने आयोजन समिति की मांग पर मंगल भवन, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम साय ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के नेतृत्व और उनके द्वारा निर्मित भारतीय संविधान ने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाया है। उनके विचार आज भी समाज को न्याय और समानता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। इसी कारण आज समाज के सभी वर्गों को अपने जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बाबा साहेब ने विपरीत परिस्थितियों में भी कोलंबिया विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button