आज की खबर

परिसीमन-महिला आरक्षण के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने का सीएम साय ने किया स्वागत… बोले- जनप्रतिनिधित्व बढ़ेगा, महिलाओं को भी नए अवसर

संसद का 30 नवंबर से विशेष सत्र बुलाए जाने का सीएम विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यदि संसद में परिसीमन विधेयक लाया जाता है, तो यह स्वागतयोग्य पहल होगी। परिसीमन से लोकसभा और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा तथा अधिक लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

मीडिया से बातचीत में सीएम साय संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे। सीएम ने कहा कि परिसीमन से विभिन्न क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और उनकी आवश्यकताओं तथा आकांक्षाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं में प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर बढ़ेगा। इससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण होगा। महिला आरक्षण लागू होने से माताओं-बहनों को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति समाज के सभी वर्गों की सहभागिता में निहित है और प्रतिनिधित्व का विस्तार इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर सीएम साय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है। लगातार चुनाव हारने से कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। जब चुनाव परिणाम उसके पक्ष में आते हैं, तब ईवीएम भी सही होती है, चुनाव आयोग भी सही होता है और पूरी चुनावी व्यवस्था पर उसे भरोसा रहता है। लेकिन जब जनता उसे नकार देती है, तो वही कांग्रेस ईवीएम, चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button