गरबा पोशाक में लड़के-लड़कियों की रील में नक़ली पिस्टल-स्मोकिंग… बिलासपुर में 5 युवतियों समेत 9 गिरफ्तार… पुलिस की सख्त चेतावनी जारी

बिलासपुर में गरबा की परम्परागत पोशाक पहनकर सिगरेट पीने और पिस्टल (नकली) लहराने वाली रील के बाद पुलिस ने 9 युवाओं को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 5 युवतियों और 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई एक विवादित वीडियो को लेकर की गई, जो एक रास-गरबा कार्यक्रम के टिकट और मेकअप के प्रमोशन के लिए बनाया गया था। खुद को ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू के सोशल मीडिया अकाउंट से इसे शेयर किया गया। गिरफ्तार युवतियों में वह भी शामिल है।
वायरल हुई रील में पारंपरिक गरबा परिधान पहने युवतियां सिगरेट पीतीं और नकली पिस्टल व चाकू जैसे हथियार लहराती नजर आईं। वीडियो के बैकग्राउंड में ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाना चल रहा था और कैप्शन में ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ लिखा था। इस रील के लिए शूटिंग रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर की गई थी। जिससेट्रैफिक भी प्रभावित हुआ था।
वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप था कि पवित्र नवरात्रि पर्व और धार्मिक संस्कृति की आड़ में इस तरह का कंटेंट परोसकर सनातन धर्म की भावनाओं को आहत किया गया है। संगठनों ने एसपी (SP) कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने सभी 9 युवक युवतियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की और उन्हें अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करने को लेकर सख्त चेतावनी भी जारी की है।



