छत्तीसगढ़

ट्रक पर मिर्च के बोरों के नीचे मिला सवा 2 करोड़ का आधा टन गांजा… ओडिशा से यूपी जा रहा था, जशपुर पुलिस ने पकड़ा… एंड टू एंड जांच- SSP डॉ लालउमेद

जशपुर पुलिस ने आज शुक्रवार को मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बहुत बड़ी खेप पकड़ी है। मिनी ट्रक से पुलिस ने ऊपर लदी मिर्च की बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया सवा दो करोड़ रुपए से ज़्यादा का आधा टन से ज़्यादा गांजा निकाला है। जशपुर के डीआईजी तथा एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि आइशर मिनीट्रक से लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर गांजा बरामद किया गया है। ट्रक के साथ प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के दो युवकों मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर जांच तेज की गई है।

पुलिस ने सूचना पर आज सुबह 9 बजे मिनी ट्रक को रोका। दोनों युवकों ने बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां लोड हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू की तो ऊपर मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। इन बोरियों को उतारा गया, तब काफ़ी नीचे टेप से लिपटे हुए पैकेट निकलने लगे। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति  में 440 पैकेट गांजा जब्त किया, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम निकला। टाटा आईशर मिनी ट्रक नंबर UP-71-T-6592 जब्त कर ली गई। गांजे और ट्रक को मिलाकर ढाई करोड़ का माल जब्त किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button