सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस संभालने की इच्छा जताई तो दीपक बैज ने छोड़ा तीर- बाबा को तो दिल्ली में काम करना चाहिए
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस सरकार में डिप्टी सीएम रहे टीएस सिंहदेव (टीएस बाबा) को दिल्ली में काम करने की सलाह दे डाली है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव की चर्चाओं के बीच दीपक बैज ने यह बड़ा बयान दिया है। बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव एक बहुत बड़े और वरिष्ठ नेता हैं और छत्तीसगढ़ उनके लिए काफी छोटा है। इसलिए उन्हें दिल्ली (राष्ट्रीय स्तर) में जाकर काम करना चाहिए।
अध्यक्ष बैज का यह बयान तब आया है, जब छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर पार्टी में सुगबुगाहट है। हाल ही में टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में इच्छा जताई थी कि अगर आलाकमान उन्हें जिम्मेदारी सौंपता है, तो वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के लिए तैयार हैं। माना जा रहा है कि इसके जवाब में ही दीपक बैज ने कुछ पत्रकारों से बातचीत में बाबा को दिल्ली में काम करने की नसीहत दी है।
दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य रह चुके हैं। तमिलनाडु व पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसलिए उन्हें दिल्ली में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैज ने यह तर्क भी दिया कि छत्तीसगढ़ राज्य में अभी युवा टीम और युवा नेता अच्छा काम कर रहे हैं। इसलिए यहाँ युवाओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए।



