आज की खबर

रायपुर के भाजपा विधायक से नितिन नवीन का पीए बताकर 10 हजार रु की ठगी… विधायक ने ठग को ओड़िशा में डीजल के लिए दो बार ऑनलाइन भिजवाए पैसे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का फर्जी पीए (निजी सहायक) बनकर रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10,000 की साइबर ठगी कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार ठग ने विधायक मिश्रा को फोन किया और खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का पीए बताया। उसने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन और अन्य बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं। विधायक को उस पर भरोसा हो गया। आरोपी ने फोन पर कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में वाहन चालक से विवाद हो गया है। उसने खुद को संकट में बताते हुए गाड़ी में तुरंत डीजल डलवाने के नाम पर पैसों की मांग की। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को तुरंत पैसे भेजने के निर्देश दिए। सेवक ने बताए गए खाते में 4500 और 5500 रुपए (कुल ₹10,000) ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब ठग ने कुछ देर बाद दोबारा पैसों की मांग की, तो विधायक को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि नितिन नवीन के नाम का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया गया है। पुलिस ने सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। साइबर सेल टीम मोबाइल नंबर, बैंक खातों के विवरण और ट्रांजेक्शन ट्रेल के जरिए अज्ञात आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button