आज की खबर

The Stambh Analysis : लोकल चुनावों में नारी ही शक्ति… शहरों में महिला वोटर पुरुषों के मुकाबले 73 हजार ज्यादा… पंचायतों में महिलाएं पौने 2 लाख अधिक

छत्तीसगढ़ में अब तक चर्चा है कि विधानसभा चुनाव में ऐसे नतीजे आए जिनकी किसी ने कल्पना नहीं की थी, और राजनैतिक प्रेक्षकों ने इन परिणामों के लिए महिला मतदाताओं के योगदान को टाप पर रखा। अब लोकल चुनावों की रणभेरी बजी है और आपको बता दें कि नंबर गेम के हिसाब से शहरों से पंचायतों तक, महिला वोटर ज्यादा ताकतवर हैं क्योंकि उनके पास पुरुषों की तुलना में संख्याबल अधिक है। प्रदेश निर्वाचन आयोग से जारी आंकड़ों की ही बात करें तो नगरीय निकायों में पुरुष वोटर 22 लाख 525 हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 22 लाख 73 हजार 232 तक पहुंच गई है। अर्थात शहरों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले 73 हजार अधिक है। पंचायत चुनाव में तो महिला वोटर संख्या बल में पुरुषों से कहीं अधिक ताकतवर हैं। त्रिस्तरीय पंचायतों में महिला मतदाताओं की संख्या 79 लाख 92 हजार 184 है, जो पुरुष वोटर्स 78 लाख 20 हजार 202 से लगभग पौने 2 लाख अधिक है। यह संख्या बल बताता है कि महिला मतदाता इन चुनावों में भी कितनी महत्वपूर्ण हैं।

पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए इन चुनावों को लेकर कुछ और जानकारियां भी हैं। जैसे, नगरीय निकायों में छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगम, 49 नगरपालिका और 114 नगर पंचायतों के चुनाव होने हैं। इसके अलावा दुर्ग और सुकमा में अलग-अलग कारणों से रिक्त हुए 5 वार्डों में भी साथ में ही मतदान हो जाएगा। नगरीय चुनाव ईवीएम के जरिए होंगे, यह बात पहले भी आ चुकी है। शहरों में सब मिलाकर  44 लाख 74 हजार 269 वोटर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। नगरीय चुनावों के लिए शहरों में 5970 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 5 खाली हुए वार्डों में 22 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं।

जहां तक त्रिस्तरीय पंचायतों का सवाल है, आने वाले चुनाव में जिला पंचायतों के 433 सदस्य, जनपद पंचायतों के 2973 सदस्य, सरपंचों के 11672 तथा पंचायतों में वार्डों के 160180 पंचों के लिए चुनाव होने हैं। इन चुनावों में 1 करोड़ 58 लाख 12 हजार 580 मतदाता हिस्सा लेंगे। यह चुनाव बैलेट पेपर से होगा, यानी हर पद के लिए अलग मतपत्र तैयार किया जाएगा। मतपत्रों की छपाई और मतदान के लिए पेटियों का इंतजाम कर लिया गया है। निर्वाचक सामग्री के इंतजाम में समन्वय रहे, इसलिए ये चुनाव तीन चरणों में करवाए जा रहे हैं। पंचायती चुनाव के लिए 31041 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button