रायपुर भाजपा विधायक को ठगने वाला कुछ घंटे में ओडिशा में गिरफ्तार… रायपुर पुलिस पुरी से ला रही आरोपी को
रायपुर उत्तर विधानसभा से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी सहदेव मलिक को पुलिस ने ओडिशा के पुरी जिले से गिरफ्तार कर लिया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने आरोपी को पुरी के अस्तरंग थाना क्षेत्र से पकड़ा और उसे रायपुर लेकर आई है।
बता दें कि आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय नेता नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से दो बार में 10 हजार रुपए अपने अकाउंट में लिए थे। उसने 25 मई को विधायक को कॉल कर कहा कि गाड़ी संबलपुर के जंगल क्षेत्र में फंस गई है और डीजल खत्म हो गया है। आरोपी ने मदद के नाम पर पैसे मांगे थे। चूँकि आरोपी ओड़िया टोन में बात कर रहा था, जिससे विधायक को भरोसा हो गया। विधायक ने अपने सहायक नारायण मिश्रा के जरिए दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 10,000 रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। लेकिन तीसरी बार पैसों की मांग और बात करने के तरीके पर शक होने के बाद जब जांच की गई, तो ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और तत्परता दिखाते हुए उसे ओडिशा से दबोच लिया।



