आज की खबर

राजेश मूणत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा और महाआरती की भव्यता हर जुबान पर… राजधानी में साल दर साल विशाल हो रहा आयोजन


दिग्गज भाजपा विधायक और तीन बार के कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में राजधानी रायपुर में निकाली गई तिरंगा यात्रा से लेकर महाआरती तक के आयोजन की भव्यता शहर के लोगों की जुबान पर है। तिरंगे के रंग से सराबोर जनसैलाब ने राट तिरंगा यात्रा में भव्यता का एक और अध्याय जोड़ दिया है। भारत माता चौक पर 51 पंडितों की दिव्य आरती का आलोक अब तक जनमानस में प्रसारित है। इससे भावविभोर होकर ख़ुद राजेश मूणत ने कहा- “तिरंगा यात्रा के पश्चात भारत माता की दिव्य आरती का यह दृश्य सदैव हमारी स्मृतियों में अंकित रहेगा।” रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विशाल तिरंगा यात्रा की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि रायपुर पश्चिम में उमड़ा जनसैलाब देश के प्रति अगाध प्रेम और सम्मान की जीवंत अभिव्यक्ति है।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय स्वाभिमान और जनएकता के ऐसे विराट उत्सव का साक्षी बना, जिसने राजधानी में राष्ट्रभक्ति का अनुपम वातावरण निर्मित कर दिया। रायपुर पश्चिम के विधायक मूणत के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों-हजार की संख्या में क्षेत्रवासियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज, केसरिया साफा धारण किए हजारों युवा एवं महिलाएं, मोटरसाइकिलों का लंबा कारवां और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के गगनभेदी उद्घोष ने पूरे रायपुर पश्चिम को तिरंगामय कर दिया। यात्रा आगे बढ़ती गई और उसके साथ राष्ट्रप्रेम का कारवां विराट होता गया। तिरंगा यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया। विशाल तिरंगा यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से प्रारंभ होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कालोनी, चौबे कालोनी, रामनगर अंडर ब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक से गुजरते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची। यात्रा के समापन के पश्चात यहां 51 पंडितों द्वारा गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की दिव्य एवं भव्य आरती की गई। एक साथ प्रज्ज्वलित आरती की ज्योतियां, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और हजारों कंठों से गूंजते भारत माता के जयघोष ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया।

तिरंगा यात्रा शुरू होने से पूर्व रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- “तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक होने के साथ प्रत्येक भारतीय के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। इस तिरंगे की गरिमा के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। आज हजारों युवाओं, माताओं-बहनों और नागरिकों को हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ देखकर यह विश्वास और दृढ़ होता है कि राष्ट्रप्रेम की यह भावना पीढ़ी-दर-पीढ़ी और अधिक सशक्त हो रही है।” उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए विधायक राजेश मूणत, आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों तथा रायपुर पश्चिम की जनता को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति यह सामूहिक भावना ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।

राजेश मूणत ने कहा, “तिरंगा यात्रा से प्रज्वलित राष्ट्रप्रेम की ज्योति समाप्त नहीं होगी। रायपुर पश्चिम के प्रत्येक नागरिक, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और सहयोगी के प्रति मैं हृदय की गहराइयों से कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button