रायपुर में “रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टिट्यूट” शुरू… डायग्नोसिस और ट्रीटमेंट की विश्वस्तरीय सुविधाएं… सेंट्रल इंडिया में हेल्थ सेक्टर को नई ऊँचाई- सीएम साय


छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कैंसर के इलाज को और आधुनिक बनाने के लिए रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का रविवार, 16 अगस्त को भव्य शुभारंभ हो गया है। इस अत्याधुनिक संस्थान का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने पचपेड़ीनाका स्थित अस्पताल परिसर में किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल समेत कई प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहीं। सीएम साय ने अस्पताल प्रबंधन, खासकर रामकृष्ण केयर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ संदीप दवेऔर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि समूचे मध्य भारत में स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई दिशा देगा।
डॉ संदीप दवे ने “द स्तम्भ” को बताया कि इस नए रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट में कैंसर की जांच (Diagnosis) से लेकर उसके संपूर्ण उपचार तक की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। अस्पताल में विश्वस्तरीय रेडिएशन थेरेपी जैसे कि SBRT, IMRT और IGRT तकनीकें शामिल की गई हैं, जिससे मिलीमीटर जितने छोटे ट्यूमर का भी सटीक इलाज संभव हो सकेगा।मरीजों के लिए अनुभवी डॉक्टरों का एक विशेष ‘ट्यूमर बोर्ड’ (Tumour Board) काम करेगा, जो मिलकर सबसे सटीक इलाज योजना तय करेंगे।
बता दें कि रामकृष्ण अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे के भाई स्व. प्रदीप दवे का कैंसर से निधन हो गया था। इस व्यक्तिगत क्षति ने उन्हें छत्तीसगढ़ में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का कैंसर अस्पताल शुरू करने की प्रेरणा दी, ताकि स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।



