आज की खबर

रायपुर से सिर्फ 150 किमी दूर मैनपुर में सबसे बड़ी मुठभेड़… कुल्हाड़ीघाट में ओड़िशा का टाप कमांडर चलपति समेत 14 नक्सली ढेर… फायरिंग जारी, 20 मारे जाने की खबर

राजधानी रायपुर से महज 150 किमी दूर गरियाबंद के मैनपुर जंगलों में सुरक्षाबलों ने सोमवार शाम से चल रही मुठभेड़ में कम से कम 14 नक्सलियों को मार गिराया है। अधिकांश वर्दीधारी महिला-पुरुष नक्सलियों केे शव मिल गए हैं। इस मुठभेड़ में ओड़िशा का टाप नक्सल कमांडर तथा एक करोड़ का ईनामी चलपति राव भी मारा गया है, उसके शव की पहचान के दावे किए जा रहे हैं। रायपुर के नजदीक यह अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ है, जिसमें इतने नक्सली मारे गए हैं। जानकारों के मुताबिक फोर्स ने मैनपुर में कुल्हाड़ीघाट के आसपास के घने जंगलों को घेर रखा है और इस घेरे में कई जीवित नक्सली अब भी फंसे हुए हैं। दोपहर 12 बजे खबर यह भी आई है कि 20 नक्सलियों को मार गिराया जा चुका है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इस मुठभेड़ ने गरियाबंद-धमतरी ही नहीं बल्कि ओड़िशा में भी नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। मुठभेड़ स्थल से शवों के साथ भारी मात्रा में आटोमेटिक बंदूकें और गोला-बारूद मिल रहा है।

जिस इलाके कुल्हाड़ीघाट में मुठभेड़ चल रही है, वहां बेहद घना और विशाल जंगल है, जो ओड़िशा से लगा बताया गया है। पिछले कुछ दिन से फोर्स को इसी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के संकेत मिल रहे थे। सूचनाओं के आधार पर रविवार को गरियाबंद ऑपरेशन ग्रुप ई-30, कोबरा कमांडों, सीआरपीएफ और एसओक्यू ओड़िशा के तकरीबन 700 जवानों के गश्तीदल ने कुल्हाड़ीघाट के जंगल-पहााड़ों को को घेरना शुरू किया। यह कार्रवाई भी टेक इंट पर हुई और कई ड्रोन इस्तेमाल में लाए गए। फोर्स का नक्सलियों से सोमवार शाम सामना हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई, जो अब तक चल रही है। फोर्स आगे बढ़ रही और वर्दीधारी नक्सलियों के शव मिल रहे हैं। खबरें तो यह भी आ रही हैं कि 14 के अलावा और भी नक्सली मारे गए हैं, जिनके शव शाम तक मिलेंगे। एक करोड़़ के ईनामी कमांडर चलपति के शव को पहचान लिया गया है। वह माओवादियों की सेंट्रल कमेटी का मेंबर था और ओड़िशा में नक्सल गतिविधियां उसे की देखरेख में चल रही थी। नक्सलियों के और भी सीनियर कैडर के शव मिले हैं, क्योंकि शवों के पास एलएलआर राइफलें मिली हैं। मारे गए इन माओवादियों की पहचान भी की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button