प्रापर्टी की ऐसी हवस : पहले सगे भाई की हत्या में जेल काटकर आया… अब माता-पिता समेत चार की हत्या में गिरफ्तार… छत्तीसगढ़ को दहलाने वाली वारदात
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जमीन और संपत्ति विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई है। यह वारदात 13-14 मई की दरमियानी रात शिवरीनारायण के भंवतरा गांव में हुई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बेटे और पोते को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी सोनसाय पहले भी अपने एक भाई की हत्या के मामले में 15 साल की जेल काट चुका है और हाल में छूटकर आया था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी सोनसाय पूरी पारिवारिक संपत्ति का इकलौता मालिक बनना चाहता था। वह अन्य कानूनी दावेदारों (अपने माता-पिता और मृत भाइयों के बच्चों) को रास्ते से हटाना चाहता था।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे जब मकान का काम करने मिस्त्री वहां पहुंचा, तो उसने चारों के लहूलुहान शव खाट पर पड़े देखे। मृतकों की पहचान मेदिनी प्रसाद कश्यप (70 वर्ष), पत्नी कांति बाई (65 वर्ष), पीतांबर कश्यप (17 वर्ष) और कुमारी मोगरा (25 वर्ष) के रूप में की गई। पुलिस ने मृतक दंपति के मंझले बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से परिवार में तनाव चल रहा था, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गया और इसी के चलते हत्या की यह वारदात सामने आई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच कर रही है। और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



