आज की खबर

थानेदार भर्ती नतीजों में SPACE RANI और NEWS नामों पर बवाल… पीएससी का कड़ा खंडन- नाम वही जो फॉर्म में हैं… फेक नैरेटिव फैलाने का प्रयास- भाजपा

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक भर्ती परीक्षा के नतीजों में अजीबोगरीब नामों (जैसे NEWS, SPACERANI) पर राजनैतिक घमासान छिड़ा हुआ है। इन नामों को लेकर पीएससी के नतीजों को विपक्ष ने कटघरे में खड़ा कर दिया है। इधर, आज शुक्रवार को आयोग ही मैदान में आ गया है और आधिकारिक तौर पर कड़ा खंडन जारी कर दिया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम की सूची में किसी प्रकार की मैन्युअल छेड़छाड़ नहीं हुई है। बल्कि ये सभी अभ्यर्थियों के वास्तविक नाम हैं, जो उन्होंने स्वयं ऑनलाइन फॉर्म में दर्ज किए थे।

विवाद बढ़ता देख CGPSC ने आज त्वरित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरों को पूरी तरह भ्रामक और अफवाह बताया। आयोग ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम उम्मीदवारों द्वारा ऑनलाइन आवेदन भरते समय दर्ज किए गए विवरणों के आधार पर स्वतः (ऑटोमैटिकली) उत्पन्न होते हैं। इन्हीं नामों के आधार पर उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। अभ्यर्थी इसी नाम से शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में भी शामिल हो चुके हैं।

आयोग के खंडन के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर युवाओं को बरगलाने और फेक नैरेटिव सेट करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मांग की है कि कांग्रेस को युवाओं और अभ्यर्थियों से बिना तथ्यों की जांच किए भ्रम फैलाने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

बता दें कि छत्तीसगढ़ पीएससी ने एक दिन पहले जारी हुए पुलिस भर्ती परीक्षा के नतीजों की मेरिट लिस्ट में ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘BHAKT PRAHLAD’, और ‘TUFAIL’ जैसे कुछ बेहद विशिष्ट नाम दिखाई दिए थे।इन नामों को लेकर कांग्रेस पार्टी और प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर तंज कसा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी तथा धांधली का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। हालांकि में मीडिया पड़ताल और जमीनी जांच में भी यह पुष्टि हुई कि ये नाम बिल्कुल असली हैं। उदाहरण के लिए, रायगढ़ के रहने वाले छात्र ‘News’ और स्कूल प्राचार्यों ने इन दस्तावेजों के सही होने की पुष्टि की है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button