नया रायपुर से लगे नकटी में कार्रवाई को कांग्रेस ने बताया अपराध, रखी जांच रिपोर्ट… भाजपा ने दोहराया- कांग्रेस सरकार ने ही 2020 में नकटी की जमीन ऑन पेपर मांगी थी

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रायपुर के नकटी गांव मामले में अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जांच समिति आज इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करेगी। कांग्रेस ने 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 10 जुलाई को इस रिपोर्ट के साथ राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है। दूसरी ओर, भाजपा ने दोहराया कि नकटी में इस आवास योजना और जमीन आवंटन की प्रक्रिया साल 2020 में कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी।
नकटी मामले में पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, शिव डहरिया, सुशील आनंद शुक्ला, विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, श्रीकुमार मेनन और राजेंद्र पप्पू बंजारे समेत कांग्रेस नेताओं ने आज राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नकटी में की गई कार्रवाई को अपराध करार दिया है। सभी नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस में जांच रिपोर्ट को सामने रख रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने दो दिन पहले दस्तावेजों के साथ स्पष्ट किया था कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल ने इस योजना को रद्द कर दिया था।
इसी दरमियान, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बड़ा आरोप लगाया था कि करीब 3 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा और प्लॉटिंग की गई थी। इसलिए प्रशासन ने कानूनी दायरे में रहकर अवैध प्लॉटिंग और अतिक्रमण हटाया था। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कार्रवाई पूरे गांव में नहीं, बल्कि केवल एक वार्ड में सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई थी। इस मामले में कांग्रेसी केवल दुष्प्रचार कर रहे हैं।



