पीएम मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च “बिंतांग आदिपूर्ण” सम्मान… सीएम साय बोले- इससे पूरा देश गौरवान्वित

पीएम नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्ण’ (Bintang Adipurna) से सम्मानित किया गया है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने आज मंगलवार को जकार्ता के राष्ट्रपति पैलेस (इस्ताना मरदेका) में पीएम मोदी को इस पुरस्कार से नवाजा।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत देश के कई गणमान्य नेताओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को बधाई दी है। सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है।
सीएम विष्णुदेव साय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा- प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किया जाना हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है। यह सम्मान प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, सशक्त कूटनीति और भारत-इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों का प्रतीक है। इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा जकार्ता में प्रदान किया गया यह सम्मान प्रधानमंत्री के योगदान को स्वीकार करता है, जिन्होंने दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी सभ्यतागत संबंधों, रक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत किया है।



