रायपुर देश के घरेलू एयरपोर्ट में दूसरे नंबर पर… यात्री सुविधा में धमाकेदार प्रदर्शन… कोलकाता पीछे, इंदौर बुरे हाल में, देखें रिपोर्ट
राजधानी रायपुर के लिए अहम खबर ये है कि यात्री सुविधाओं के मामले में रायपुर का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट देशभर के घरेलू एयरपोर्ट में दूसरे नंबर पर आ गया है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) के एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में रायपुर एयरपोर्ट को 2nd रैंक मिली है। एयरपोर्ट्स में सर्विस क्वालिटी रेटिंग के मामले में पुणे एयरपोर्ट पहले स्थान पर है। रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी में इस उपलब्धि पर गर्व और जश्न का माहौल है। हैरतअंगेज़ है कि मध्यप्रदेश की शान इंदौर का एयरपोर्ट इस मामले में बुरी तरह पिछड़ता जा रहा है और अब यह 9 वें नंबर पर आ गया है।
द स्तम्भ को मिली जानकारी के अनुसार नवीनतम आंकड़ों में रायपुर एयरपोर्ट को 5 में से 4.93 अंक मिले हैं, पिछली तिमाही से इस बार प्रदर्शन में 0.05 अंक का सुधार दर्ज किया गया है। दुनिया भर के एयरपोर्ट्स के बीच इस सर्वे में रायपुर एयरपोर्ट की बहुत अच्छी रैंकिंग है और यह टॉप 70 में शामिल है। रायपुर एयरपोर्ट का यह स्कोर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा तय किए गए एमओयू (MoU) लक्ष्य से 0.23 अंक ज्यादा है।
बता दें कि ACI (एयरपोर्ट कौंसिल इंटरनेशनल) का यह सर्वे यात्रियों से मिलने वाले सीधे फीडबैक (Direct Feedback) पर आधारित होता है। इसमें चेक-इन और सुरक्षा जांच (Security Check) का समय, एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार और मदद, टर्मिनल की साफ-सफाई, एयरपोर्ट पर खान-पान (Catering) और पार्किंग की व्यवस्था तथा उड़ानों की जानकारी देने वाले संकेतक (Signages) जैसे मापदंड शामिल हैं।





