जनादेश परब की भीड़भरी सभा में अध्यक्ष नड्डा बोले- सीएम साय व भाजपा की राजनीति जवाबदेही की… कांग्रेसी खाते हैं मेवा, नहीं करते सेवा

जनादेश परब पर राजधानी पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा को पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने हाथों-हाथ लिया और जमकर स्वागत किया है। शुक्रवार को जनादेश परब पर साइंस कालेज मैदान पर हुई भीड़भरी सभा में अध्यक्ष नड्डा ने महतारी वंदन, पीएम आवास, पीएससी और धान खरीदी में प्रो-एक्टिव होकर तेजी से फैसले लेने के लिए सीएम विष्मुदेव साय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीएम साय और भाजपा जवाबदेही की राजनीति करते हैं। जबकि कांग्रेस सेवा नहीं करते, सिर्फ मेवा खाते हैं। सीएम साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी की हर गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। जो भरोसा पिछली कांग्रेस सरकार ने खोया था, जनता में हमने उस विश्वास को दोबारा अर्जित किया है। सभा में स्पीकर तथा पूर्व सीएम डा. रमन सिंह भी मौजूद थे।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सभा को सबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में जातिवाद को समाप्त किया, भाई-भतीजावाद को धता बताया है। हमने विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है। हम रिपोर्ट कार्ड री संस्कृति के जनक हैं। क्या कभी कांग्रेस पार्टी ने छाती ठोंककर ये कहा कि साल हो गया… चलो हम जनता को बताते हैं कि एक साल में हमने क्या किया। यह काम सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हमें प्रो-एक्टिव होने के लिए किसी ने नहीं कहा था। सीएम विष्णुदेव साय कह सकते थे कि आवास योजना एकाध महीने में लागू करेंगे, महतारी वंदन पर विचार कर रहे हैं आदि…। मैं सीएम साय को जवाबदेही की राजनीति के लिए बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने पहले महीने में ही महतारी वंदन और पीएम आवास का फैसला कर दिया। कांग्रेस पार्टी लोगों का हक छीनकर मेवा खाने वाली पार्टी है, भाजपा सेवा करने वाली पार्टी है। इसलिए कांग्रेस कांग्रेस पार्टी को आराम दो, ताकि हम लोगों की ज्यादा से ज्यादा सेवा कर सकें।
सीएम विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के पक्के मकानों से वंचित कर दिया था। पीएम मोदी ने इस दर्द को महसूस किया, यहां के लोगों को पक्के मकान की गारंटी दी, जिसे हम पूरा कर रहे हैं। पिछली सरकार से जिस तरह जनता को विश्वासघात मिला था, उसे हमने सुशासन के जरिए विकास में बदला है। सीएम साय ने कहा कि उनकी सरकार आम लोगों में भरोसे के लिए काम कर रही है, उन्हें रोजगार देने के लिए काम कर रही है और चहुंमुखी विकास की दिशा में काम कर रही है। हमारी सरकार नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में काम कर रही है और आने वाले पांच साल में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार लोगों का भरोसा जीतने में पूरी तरह कामयाब रहेगी।