आज की खबर
दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में… कांग्रेस का प्रदर्शन, रायपुर में लोकभवन के सामने धरना… रात में राहुल समेत सभी रिहा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने आज 21 जुलाई को नई दिल्ली में एक बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और विपक्ष के नेता NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। राहुल गांधी समेत नेताओं को हिरासत में छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। रात करीब पौने 10 बजे राहुल और प्रियंका गांधी समेत सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया है। राहुल की गिरफ्तारी की खबर आते ही रायपुर शहर और ग्रामीण के नेता-कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लोकभवन के सामने धरने पर बैठ गए। बारिश में करीब ढाई घंटा प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की रिहाई की सूचना के बाद धरना खत्म किया, लेकिन प्रदेश कांग्रेस ने इस मामले में कल, बुधवार को भी तगड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है।
दिल्ली से देर शाम आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के बाहर अचानक धरना शुरू कर दिया था। प्रदर्शन के बीच सरकार की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह राहुल गांधी से बातचीत करने पहुंचे। सरकार ने संसद में चर्चा का प्रस्ताव दिया, लेकिन विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा रहा, जिसके कारण बातचीत विफल हो गई।
इधर, जब दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने आई, तो राहुल गांधी ने हटने से इनकार कर दिया और सड़क पर लेट गए। लगभग 11 से 12 पुलिसकर्मियों ने मिलकर राहुल गांधी को जबरन उठाया और पुलिस बस में डाला। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान राहुल को हल्की चोट भी आई। दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के कई सांसदों व मुख्यमंत्रियों को भी हिरासत में लिया।सभी नेताओ को नेताओं को दिल्ली के मॉडल टाउन थाना और छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। यहां से राहुल को रात पौने दस बजे दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा कर दिया गया और वे छत्रसाल स्टेडियम से बाहर निकल गए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी थाने ले जाया गया था और ताजा जानकारी के मुताबिक उन्हें भी रिहा कर दिया गया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस वजह से थाने पहुँच गई थीं। प्रियंका की रिहाई के बाद वे भी थाने से बाहर आ गई हैं।



