राजनांदगांव कोर्ट को RDX से उड़ाने का जज को मेल… दोपहर 2.35 तक धमाके की धमकी, परिसर खाली कराया गया… धमकी इंटरनेशनल मेल आईडी से
राजनांदगाँव में ज़िला कोर्ट परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी एक जज के ऑफिशियल मेल पर आई, जिससे हड़कम्प मचा और पूरे परिसर को सुबह तुरंत खाली करवाना पड़ा। यह धमकी जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आज गुरुवार को धमकीभरा यह ईमेल सुबह 10 बजकर 7 मिनट पर भेजा गया, जिसमें दोपहर 2 बजकर 35 मिनट तक का समय दिया गया था। खबर है कि मेल इंटरनेशनल नंबर और वीपीएन का उपयोग कर भेजा गया है। फिलहाल मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता नहीं चला है।
जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया। सभी न्यायाधीशों, वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। न्यायालय परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले मार्गों पर सख्त निगरानी से जीई रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। एहतियातन रायपुर जिला न्यायालय में भी बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तैनात की गईं। न्यायालय की प्रत्येक मंजिल पर सघन जांच की जा रही है और परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई है। बम निरोधक दस्ता और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंची हैं और परिसर की तलाशी ली गई है। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है।



