राजधानी रायपुर से लगे कुम्हारी में रसोई गैस सिलेंडर फटा… पिता और बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाए, चारों की मृत्यु
राजधानी रायपुर से लगे कुम्हारी के वार्ड नंबर 4 में मंगलवार, 12 मई को दोपहर करीब 3 बजे एक मकान में भीषण रसोई गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस का अनुमान है कि घर के पास लगे एक बिजली के खंभे में शॉर्ट-सर्किट हुआ, जिससे मकान में आग लग गई। आग फैलते हुए किचन तक जा पहुँची, जिससे वहां रखा गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि परिवार को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। मृतकों में पिता, उनकी दो बेटियां और एक मासूम बच्ची शामिल है। पुलिस ने इनके नाम अनिल वैष्णव (48 वर्ष), चांदनी वैष्णव (18 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) और गोपिका वैष्णव (1 साल की बच्ची) बताए हैं।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पा लिया है।कुम्हारी पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।इलाके के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल का जायजा लेने पहुँचे हैं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और जिला प्रशासन ने 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।



