आज की खबर

कवर्धा, मनेंद्रगढ़, जांजगीर, दंतेवाड़ा और जशपुर मेडिकल कॉलेज इस साल नहीं खुलेंगे… एनएमसी का बड़ा प्रहार, छत्तीसगढ़ को 250 MBBS सीटों का झटका

नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी को खारिज कर दिया है। इस फैसले से इस सत्र (2026-27) में राज्य की 250 MBBS सीटों पर बड़ा ब्रेक लग गया है। इन नए कॉलेजों मनेंद्रगढ, कवर्धा (कबीरधाम), जांजगीर-चांपा, गीदम (दंतेवाड़ा) और कुनकुरी (जशपुर) शामिल हैं, जो 50-50 MBBS सीटों के साथ खुलने थे पर अब शुरू नहीं हो पाएंगे।

एनएमसी ने ऑनलाइन दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच के बाद इन सभी कॉलेजों के आवेदनों को अस्वीकार कर दिया है। एनएमसी के तय मानकों पर इन कॉलेजों के खरे न उतरने के पीछे कई बड़ी कमियां सामने आई हैं। जैसे, कई जगहों पर बिना उचित कॉलेज और अस्पताल भवन के ही प्रस्ताव भेज दिया गया था। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने केवल डीन और अस्पताल अधीक्षकों की प्रभार नियुक्तियां की थीं। नियमित और पर्याप्त डॉक्टरों की भर्ती नहीं हो पाई। संविदा भर्ती के इंटरव्यू में भी बेहद कम डॉक्टर पहुंचे थे। एनएमसी के कड़े नियमों के अनुसार जरूरी चिकित्सा उपकरण और क्लीनिकल सुविधाएं धरातल पर तैयार नहीं थीं।

छत्तीसगढ़ को 250 सीटों का नुकसान

यदि इन कॉलेजों को अनुमति मिल जाती, तो राज्य में नीट (NEET UG) देने वाले छात्रों के लिए प्रतिस्पर्धा कम होती और कटऑफ पर भी राहत मिलती। फिलहाल छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में पुरानी तय सीटों पर ही प्रवेश मिल सकेगा।

इस झटके के बाद छत्तीसगढ़ का चिकित्सा शिक्षा विभाग इन कमियों को दूर कर फिर से प्रयास करने की तैयारी में है ताकि आने वाले समय में इन कॉलेजों को शुरू किया जा सके। हालांकि, वर्तमान काउंसिलिंग और नए सत्र के लिए छात्रों को बड़ा झटका लगा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button