छत्तीसगढ़ की इकलौती वंदेभारत ट्रेन को हाई क्वालिटी अवार्ड… ISO सर्टिफिकेट पाने वाली पूरे जोन की पहली ट्रेन… यह बात अलग कि पैसेंजर कम

छत्तीसगढ़ की इकलौती बिलासपुर-रायपुर-नागपुर वंदेभारत ट्रेन को हाई स्टैण्डर्ड बनाए रखने के लिए ISO 9001:2015 सर्टिफिकेट दिया गया है। वंदेभारत सर्टिफिकेट हासिल करने वाली यह छत्तीसगढ़ (पूरे बिलासपुर जोन) की पहली ट्रेन है। यह सर्टिफिकेट उच्चतम गुणवत्ता मानकों, उत्कृष्ट प्रबंधन प्रणाली, सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री संतुष्टि के मापदंड पर खरा उतरने के लिए दिया गया है। यह बात अलग है कि बिलासपुर से नागपुर तक के यात्रियों के लिए वंदेभारत अब भी छत्तीसगढ़ के यात्रियों के टॉप-3 विकल्पों में नहीं है।
क्या है ISO 9001:2015 प्रमाणन
ISO 9001:2015 एक वैश्विक मानक है, जिसे गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (Quality Management System – QMS) के लिए लागू किया जाता है। यह प्रमाणन तभी प्रदान किया जाता है जब कोई संगठन या सेवा निम्नलिखित मानकों पर खरा उतरता है:
– निरंतर गुणवत्ता सुधार और उच्च ग्राहक संतुष्टि
– बेहतर संचालन, सुरक्षा और रखरखाव प्रक्रिया
– समयबद्धता, स्वच्छता और विश्वसनीयता
– यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं
मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल ने बताया कि यह प्रमाणन रेलवे कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और उच्चतम सेवा मानकों को लागू करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होने मंडल रेल परिवार के सभी सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई व शुभकामनायें दी | इस वंदे भारत रेक का रखरखाव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कोचिंग डिपो, बिलासपुर में किया जा रहा है।