रायपुर में पहली बार…खेल मैदान खत्म, फ्लाईओवर के नीचे बन रहे बैडमिंटन-बास्केटबाल कोर्ट
मुंबई में दिखता है ऐसा, यहां एक्सप्रेस-वे के नीचे बनवा रहा निगमः आकाश तिवारी
रायपुर के घने इलाके में खेल मैदान तेजी से घट रहे हैं। इनडोर टाइप गेम्स के लिए भी बच्चों के पास जगह नहीं है। ऐसे में नगर निगम और एमआईसी मेंबर आकाश तिवारी ने पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड में नया प्रयोग किया है। यहां से एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। उसके नीचे की काफी जगह खाली है, जहां कब्जा होने का भी खतरा रहता है। वहां एक पार्ट में वालीबाल कोर्ट, एक में बास्केटबाल कोर्ट और एक में बैडमिंटन कोर्ट बनाया जा रहा है। बास्केटबाल कोर्ट और वालीबाल कोर्ट बनाने का काम भी शुरू किया जा रहा है। अगर आप एक्सप्रेस-वे पर पंडरी से जाएंगे तो फ्लाईओवर के नीचे यह काम नजर आ जाएगा। एकाध महीने में यहां शाम को बच्चे भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
मेरे वार्ड में खेल मैदान खत्म, इसलिए ऐसा किया
आकाश तिवारी ने द स्तंभ को बताया कि उनके वार्ड में आबादी इतनी घनी है, व्यावसायिक क्षेत्र इतना सघन हो चुका है कि खेल मैदान खत्म हो गए हैं। काफी अरसे से इसका विकल्प तलाशा जा रहा था। आखिर तय हुआ कि कोर्ट टाइम गेम्स, जिनके लिए ज्यादा बड़ी जगह नहीं लगती, उनकी व्यवस्था फ्लाईओवर के नीचे की जा सकती है। सबकी सहमति से यह काम शुरू हुआ है। निगम अफसरों का कहना है कि अगर यह प्रयोग कामयाब रहा, तो कुछ और वार्डों में इस तरह की व्यवस्था कर सकते हैं, जहां से फ्लाईओवर गुजर रहे हैं।