ईडी ने जेल से लाकर रामगोपाल को किया अरेस्ट… पूछताछ के लिए कोर्ट से लिया 5 दिन की रिमांड पर… शराब स्कैम के पैसे एडजस्ट करने का आरोप
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के कथित शराब स्कैम में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आज मंगलवार को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर ईडी ने रामगोपाल को विशेष अदालत में पेश किया और सात दिन की रिमांड मांगी। कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड स्वीकार करते हुए रामगोपाल को ईडी को सौंप दिया। 16 august को रविवार होने के कारण अब ईडी रामगोपाल को 17 तारीख को वापस कोर्ट में पेश करेगी।
ईडी के मुताबिक शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े अवैध पैसों को ठिकाने लगाने (मनी लॉन्ड्रिंग) में रामगोपाल अग्रवाल की मुख्य भूमिका थी।एजेंसी के अनुसार पूर्व कांग्रेस सरकार (2019-2022) के दौरान सिंडिकेट बनाकर आबकारी विभाग के जरिए करीब ₹2,883 करोड़ से ₹3,400 करोड़ का घोटाला किया गया। इस मामले में अब तक कई चार्जशीट दाखिल हो चुकी हैं, जिनमें राजनीतिज्ञों में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी हैं, जो फ़िलहाल ज़मानत पर हैं।



