भाजपा कार्यसमिति की बड़ी बैठक में हजारों शामिल, राजनैतिक प्रस्तावों पर चर्चा शुरू

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की विशेष विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति प्रदेशभर से भाजपा मंडल, मोर्चा-प्रकोष्ठ तथा अन्य पदाधिकारियों को मिलाकर तकरीबन 2 हजार लोगों के साथ बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में शुरू हो गई है। बैठक में संगठन की ओर से शिव प्रकाश तथा नितिन नवीन के अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय तथा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत पार्टी के सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक में छत्तीसगढ़ के जिम्मेदारी से विकास का संकल्प संगठन की ओर से लाया जाने वाला है। इसके आलावा एक-दो अन्य राजनैतिक प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा होगी।
आडिटोरियम परिसर में बैठक स्थल के सामने भाजपा की विरासत को लेकर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। रायपुर में चल रही विस्तारिक कार्यसमिति को छत्तीसगढ़ में पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी की सबसे बड़ी बैठक बताया गया है। यही वजह है कि इस बैठक में जो राजनैतिक प्रस्ताव पारित हो सकते हैं, उनमें धन्यवाद प्रस्ताव भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार एक हाथ में कमल और एक हाथ में विज्ञान से जुड़ा राजनैतिक प्रस्ताव भी आ सकता है, क्योंकि मध्यप्रदेश की ऐसी ही विस्तारित कार्यसमिति ने दो दिन पहले इस प्रस्ताव को पास किया है। विस्तारित कार्यसमिति में शामिल होने के लिए पदाधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला मंगलवार से ही शुरू हो गया था। बैठक के लिए सुबह से ही साइंस कालेज परिसर में नेताओं का तांता लगा हुआ था, तभा परिसर के आडिटोरियम वाले हिस्से को भाजपामय कर दिया गया है। भोजन वगैरह की व्यवस्था बैठक स्थल पर ही की गई है।