कांग्रेस ने जारी किए भाजपाध्यक्ष नड्डा की सभा के वीडियो… कटाक्ष किया- खाली कुर्सियां सीख रही हैं सुशासन का पाठ

कांग्रेस ने शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे साइंस कालेज मैदान पर भाजपा अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की सभा को दो वीडियो जारी किए हैं। दो-दो मिनट के इन वीडियो में अध्यक्ष नड्डा के भाषण के दौरान मंच के सामने से पीछे तक की खाली कुर्सियां दिखाई गई हैं। कांग्रेस के संचार विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला ने इन वीडियो के साथ कैप्शन लिखे हैं। इनमें कहा गया है- खाली कुर्सियां पूरी तन्मयता से सुशासन का पाठ पढ़ रही हैं।
छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ नेताओं की सभा के वीडियो दोनों दलों के मीडिया विभाग जारी करते रहे हैं। खासतौर पर उन सभाओं में खाली कुर्सियों के। हर वीडियो में कुछ न कुछ कटाक्ष किया जाता है। पिछली बार जब मल्लिकार्जुन खडगे रायपुर आए थे, तब भाजपा ने इसी तरह के वीडियो जारी किए थे। इनमें भी खाली कुर्सियां नजर आ रही थीं। आज भाजपा अध्यक्ष नड्डा की सभा के जारी किए गए वीडियो उसी का पलटवार माने जा रहे हैं। दरअसल 13 दिसंबर यानी शुक्रवार को प्रदेश सरकार जनादेश परब के रूप में मना रही है। आज ही के दिन से भाजपा सरकार ने यहां अपना काम शुरू किया था। भाजपा अध्यक्ष नड्डा इसी जनादेश परब में हिस्सा लेने के लिए रायपुर आए हुए हैं। उन्होंने साइंस कालेज में जनादेश परब के मौके पर आमसभा को संबोधित किया है। उसी दौरान खाली कुर्सियों के वीडियो शूट किए गए हैं। इस बारे में जानकार कहते हैं कि जहां कुछ जगह खाली कुर्सियां नजर आती हैं, अगर एक स्पेसिफिक एंगल से इसे शूट किया जाए तो ऐसा प्रतीत होता है कि पूरी सभा में लोग नहीं पहुंचे थे। जबकि ऐसा नहीं था। अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा में काफी भीड़ आई थी। यह बात अलग है कि आयोजकों ने 25 हजार से ज्यादा कुर्सियां लगवा दी थीं, जिनमें से एकाध हजार खाली रह गईं।