एनालिसिस

लॉ एंड ऑर्डर, जनशिकायतों की सीधी मॉनिटरिंग कर रहे सीएम साय के प्रधान सचिव सुबोध सिंह… सुशासन तिहार के फीडबैक पर मैदानी अमले में बड़े फेरबदल की आहट

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के निर्देश पर प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह (IAS 1997) ने अन्य कार्यों के साथ-साथ राज्य में क़ानून व्यवस्था और जनशिकायतों की सीधी मॉनिटरिंग तेज कर दी है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक़ राज्य के सभी 33 जिलों के कलेक्टर-एसपी से लेकर मंत्रालय के विभिन विभागों के अफसरों के परफॉरमेंस को अब इसी कसौटी पर कसा जाएगा। खबर यह भी है कि सुशासन तिहार में मिले फीडबैक और परफॉरमेंस के आधार पर राज्य के मैदानी सरकारी अमले में बड़े फेरबदल हो सकते हैं। इनमें प्रशासनिक, पुलिस और राजस्व समेत लगभग सभी विभागों में बदलाव की संभावना है।

सरकार ने हाल में प्रधान सचिव सुबोध सिंह को सचिवालय के कार्यों में बेहतर समन्वय (Coordination) की मुख्य जिम्मेदारी सौंपी है। वे कानून-व्यवस्था और जन शिकायतों की सीधी निगरानी कर रहे हैं। यही नहीं, उन्होंने प्रशासनिक इतिहास में पहली बार संभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ये अधिकारी जिलों और संभागों में चल रहे विकास कार्यों की सीधी मॉनिटरिंग करेंगे और सीधे प्रधान सचिव को इसकी रिपोर्टिंग करेंगे। इससे पहले, सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों को पूरी तरह पुनर्गठित कर दिया गया है। बता दें कि साय सरकार ने सुबोध कुमार सिंह के मजबूत प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें सचिवालय के साथ-साथ राज्य के कोर सेक्टर्स में भी नियुक्त किया है। उन्हें ऊर्जा विभाग (Energy Department) का प्रमुख सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज (CSPTCL, CSPGCL और CSPDCL) के चेयरमैन (अध्यक्ष) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है ताकि राज्य की बिजली व्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुधारा जा सके। इस रणनीतिक बदलाव का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ सरकार के कामकाज में पारदर्शिता लाना, फाइलों के निपटारे में तेजी लाना और मैदानी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूत करना है, ऐसा सूत्रों का कहना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button