सीएम साय शाम साढ़े 7 बजे अचानक राज्यपाल डेका से मिलने पहुंचे… साथ में प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी थे… यह नए कैलेंडर इयर की कर्टसी भेंट या मंत्रिमंडल पुनर्गठन की तैयारी ?

सीएम विष्णुदेव साय गुरुवार को दिनभर जगदलपुर में थे और शाम को राजधानी रायपुर लौटे। उनके कार्यक्रम में रायपुर आने के बाद से रात तक का समय सीएम हाउस में ही रिजर्व था, लेकिन शाम को अचानक साढ़े 7 बजे वे सीएम हाउस से निकले और राज्यपाल रामेन डेका से मिलने राजभवन पहुंच गए। सीएम साय के साथ उनके प्रमुख सचिव आईएएस सुबोध कुमार सिंह भी राजभवन पहुंचे थे। सीएम साय और राज्यपाल डेका में पौने 8 बजे से बातचीत शुरू हुई, जो रात करीब साढ़े 8 बजे तक चली। क्या बातचीत हुई, यह केवल राज्यपाल डेका और सीएम साय ही जानते हैं। रात करीब साढ़े 8 बजे दोनों की मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर आई और उसके बाद से ही शहर में यह अटकलें तेजी से फैलीं कि शुक्रवार को सुबह मंत्रिमंडल के संभावित पुनर्गठन और शपथग्रहण हो सकता है, इसीलिए सीएम रात में अचानक राजभवन गए थे। हालांकि कहीं से भी इन अटकलों की पुष्टि नहीं हो रही है। बेहद भरोसेमंद सूत्रों ने देर रात कह दिया कि कोई शपथग्रहण नहीं, केवल सौजन्य भेंट थी। सीएम साय पिछले साल भी नए कैलेंडर इयर के मौके पर राज्यपाल से सौजन्य भेंट के लिए गए थे और इस बार भी ऐसा ही है। लेकिन हल्ला मचाने वाले इसे सच नहीं मान रहे हैं और मंत्रिमंडल पर ही बात कर रहे हैं। वे तो यहां तक बता रहे हैं कि मौजूदा मंत्रिमंडल से दो लोग हट रहे हैं, और चार नए लोग साय मंत्रिमंडल में आ रहे हैं। इनमें से आधे नए और आधे पुराने हैं।
मंत्रिमंडल को लेकर प्रदेश में पिछले एक महीने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। 90 सीटों वाले हरियाणा में जैसे ही 14 मंत्रियों ने शपथ ली, छत्तीसगढ़ में भी हल्ला उड़ गया कि यहां अब दो नहीं बल्कि तीन मंत्रियों की वैकेंसी है। इस आधार पर बस्तर, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों से एक-एक विधायकों के नाम भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, इस दावे के साथ कि नए मंत्री इन्हीं में से बनेंगे। लेकिन भाजपा या सरकार की ओर से इन चर्चाओं का कभी खंडन या पुष्टि नहीं की गई। जैसा होता आया है, सब कुछ अब तक चर्चा में ही है। बीच-बीच में ऐसा कुछ होता है कि ये चर्चाएं फिर सतह पर आ जाती हैं। गुरुवार की रात ऐसा ही हुआ। जैसे ही सीएम साय राज्यपाल से मिलने के लिए अपने निवास से निकलकर राजभवन पहुंचे, फिर चर्चाएं शुरू हो गईं। जैसे-जैसे रात गहराती गई, चर्चाएं तेज होने लगीं। जिनके नाम उछल रहे हैं, लोग उनसे पूछने लगे कि भैया… कोई खबर आई क्या (सुबह कोट-पैंट या प्रिंस सूट पहनकर तैयार रहने की)। बताते हैं कि ज्यादा ने यही कहा कि उनके पास कोई सूचना नहीं है। सूत्रों के मुताबिक सीएम साय राज्यपाल डेका से मिलकर रात करीब 9 बजे वापस सीएम हाउस पहुंच गए और खामोशी हो गई। इस खामोशी ने तेजी से फैल रही गर्मागर्म चर्चाओं में घी का काम कर दिया है। हर कोई मान बैठा कि कल शपथ ग्रहण पक्का है। लेकिन इस खबर के लिखे जाने तक ऐसी कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है। बहरहाल, चर्चाओं में कितनी सच्चाई है, अब यह कल ही पता चल सकता है।