आज की खबर

साय कैबिनेट की कल बैठक… राजनांदगांव पुलिस भर्ती में गड़बड़ी से उच्चस्तर पर नाराजगी… प्रदेशभर में इसे फिलहाल रोकने पर हो सकता है मंथन

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय सोमवार, 30 अक्टूबर को अपनी कैबिनेट की इस साल की आखिरी बैठक करने जा रहे हैं। बैठक का एजेंडा बाहर नहीं आया है, अब तक केवल अटकलें ही लग रही हैं कि किन मुद्दों पर फैसला हो सकता है। इनमें नगरीय-पंचायत चुनाव के कुछ प्रस्तावों पर निर्णय की बात आई है। यह संकेत भी मिले हैं कि कैबिनेट पूरे प्रदेश में चल रही पुलिस भर्ती पर एकराय होकर किसी नतीजे पर पहुंच सकती है। इसकी वजह बताई जा रही है कि राजनांदगांव पुलिस भर्ती में गड़बड़ी की खबरों को सीएम साय समेत उच्चस्तर पर गंभीरता से लिया गया है। यह बात भी सरकार के अंदरखाने में है कि भर्ती में गड़बड़ी को लेकर अब तक एक्शन सिर्फ सिपाहियों और कंप्यूटर आपरेटरों पर ही हुआ है। इतने छोटे स्तर के कर्मचारियों द्वारा ऐसी गड़बड़ी संभव ही नहीं है।  इसीलिए सरकार की तरफ से संकेत मिल रहे हैं कि राजनांदगांव के अलावा प्रदेश के अन्य 7 जिलों में भर्ती प्रक्रिया को रोकने तथा सिस्टम को पूरी तरह फूलप्रूफ करने के बाद नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का फैसला कैबिनेट की बैठक के बाद आ सकता है। खुद गृहमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कुछ मीडियाकर्मियों से चर्चा के दौरान संकेत दिए थे कि संभवतः पुलिस भर्ती पूरे प्रदेश में कुछ समय के लिए रोकी जा सकती है, ताकि सिस्टम को दुरुस्त कर पारदर्शी तरीके से भर्ती की जाए। हालांकि जानकारों का कहना है कि यह कैबिनेट का विषय नहीं है, लेकिन प्रदेश का बड़ा मुद्दा है, इसलिए कैबिनेट में इस मुद्दे पर विचार-मंथन किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक नया रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क के लिए तूता में 142 एकड़ जमीन के आवंटन का अनुमोदन कैबिनेट से किया जाएगा। इसका पालिसी ड्राफ्ट भी आ रहा है, जिसमें इस पार्क में निवेश करनेवाली दवा कंपनियों के लिए बड़ी रियायतों का प्रावधान है। हालांकि यह भी सरकार की नई औद्योगिक नीति का पार्ट है।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button