राजधानी में जमीन विवाद पर चली गोली, किसी को लगी नहीं, आरोपी हिरासत में

राजधानी की प्राइम लोकेशन वाली रेसिडेंशियल कालोनी रवि नगर में सुबह फायरिंग से खलबली मच गई। एएसपी सिटी लखन पटले ने गोली चलने की पुष्टि की और बताया कि लाइसेंसी गन से हवाई फायर किया गया था। गोली चलाने के मामले में रवि नगर के ही हरदयाल सिंह नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया और लाइसेंसी गन जब्त कर ली गई है। जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद के दौरान गोली चली है। जिस वक्त फायर किया गया, वहां सीमांकन के लिए सरकारी अमला भी पहुंचने लगा था। फायरिंग की वजह से सीमांकन भी रोकना पड़ गया।
पुलिस के मुताबिक हरदयाल सिंह का रवि नगर की ही फौजिया मेमन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जमीन पर फौजिया का ताला लगा था और विवाद तहसीलदार की कोर्ट में भी पहुंचा है। बुधवार यानी आज इस जमीन का सीमांकन होना था। बताते हैं कि सुबह फौजिया मौके पर पहुंची तो उसका ताला गायब था और हरदयाल का ताला लगा हुआ था। इसी बीच हरदयाल मौके पर पहुंचा। वह अपनी लाइसेंसी गन रखे हुए था। विवाद बढ़ा तो उसने दूसरे पक्ष को खदेड़ने के लिए हवाई फायर कर दिया। फायर होते ही खलबली मची और पुलिस को खबर लगी। पुलिस हरदयाल को हिरासत में सिविल लाइंस थाने लेकर आई है। इस मामले की जांच चल रही है।