आज की खबर

श्मशान में आधी रात चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर काला जादू… मौके से मिलीं मरी मछलियाँ, सिंदूर नींबू आदि… साथी की जमानत के लिए जादू, एक अरेस्ट

बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल में बंद अपने रिश्तेदार की जमानत (बेल) कराने के लिए चार युवकों ने श्मशान घाट में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की तस्वीर रखकर काला जादू और तंत्र साधना करने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आधी रात श्मशान घाट पर संदिग्ध गतिविधि देखकर आरोपियों को दौड़ाया और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने तंत्र साधना कर रहे ऋषिकेश कुमार नाम के एक युवक को ग्रामीणों की मदद से श्मशान घाट से ही हिरासत में ले लिया। उसके अन्य तीन साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। ग्रामीणों और पुलिस ने जादू स्थल का मुआयना किया, तो वहां तंत्र-मंत्र की चौंकाने वाली सामग्री बिखरी हुई मिली। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की तस्वीर के अलावा दो अन्य लोगों की तस्वीरें (जिसमें एक आरोपी रिश्तेदार प्रियांशु और दूसरा चाकूबाजी का शिकार हुआ पीड़ित) भी मिलीं। पूजा सामग्री में मरी हुई मछलियां, नींबू, सिंदूर और नारियल तथा ऐसी ही दूसरी सामग्री थी।

पुलिस ने बताया कि सीपत के देवरी गांव के मुक्तिधाम में कल आधी रात गांववालों की सूचना पर पहुंचे तो लोगों ने काला जादू करने वालों में से एक युवक को पकड़ रखा था। पुलिसको इस पकड़े गए युवक ने बताया कि उसका रिश्तेदार (प्रियांशु) चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है। उसकी जमानत के लिए ही तंत्र साधना कर रहे थे। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर किसी कथित तांत्रिक का वीडियो देखा था, जिसमें दावा किया गया था कि श्मशान में टोटका करने से कोर्ट से जमानत मिल जाती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button