भाजपा कल जारी करेगी अपना घोषणापत्र… कांग्रेस की चार्जशीट पर भाजपा का बड़ा वार- ये पार्टी नहीं गिरोह है… खुद अपराध करते हैं, आरोपपत्र भी ले आते हैं

भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए जारी किए जाने वाले घोषणापत्र की प्रिंटिंग वगैरह फाइनल कर ली है। सोमवार को सीएम विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की मौजूदगी में पार्टी अपने घोषणापत्र को जारी करेगी। भाजपा की घोषणापत्र समिति के संयोजक पूर्व मंत्री तथा विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि घोषणापत्र दरअसल छत्तीसगढ़ के विकास का दस्तावेज होगा। इसमें आम लोगों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। इधर, कांग्रेस की ओर से जारी चार्जशीट (आरोपपत्र) के जवाब में भाजपा ने बड़ा हमला बोला है। वनमंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के लिए बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल किया। केदार ने कांग्रेस के बारे में कहा- क्या खूब बेशर्मी है। 5 साल के कार्यकाल में जनता को धोखा देकर एक वादा पूरा न करने वाली कांग्रेस अब भाजपा के शासन के 1 साल में आरोपपत्र ला रही है। कांग्रेस के ऐसे आराेपो को जनता सिरे नाकार चुकी है। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद, कांग्रेस लोकसभा चुनाव हार गई। उसके बाद उपचुनाव में भी बड़ी हार हुई। केदार कश्यप ने कहा- कांग्रेस पहले अपराध करवा रही है, और उसके बाद अपराध पर आरोपपत्र ला रही है। अब तक जितने भी अपराध हुए हैं, सब में किसी न किसी कांग्रेसी का हाथ मिला है। कांग्रेस ने झूठा आरोपपत्र लाकर यह प्रमाणित कर दिया कि उसके महापौरों ने नगरीय निकायों में कोई ऐसा काम नहीं किया, जिसे पार्टी सामने रखती। इस सवाल से बचने के लिए ही आरोपपत्र लाया गया है।