आज की खबर
पीएससी स्कैम में CBI के बाद अब ED की भी एंट्री… पूर्व आईएएस सोनवानी को लिया 7 दिन की रिमांड पर, मनी ट्रेल की जाँच
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार, 25 जुलाई को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती स्कैम और मनीलॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व अध्यक्ष और रिटायर्ड IAS टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर 7 दिन की रिमांड पर ले लिया है। इस मामले की जांच पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही थी, लेकिन अब ED ने भी आधिकारिक तौर पर एंट्री कर ली है।
जेल में बंद टामन सिंह सोनवानी से पूछताछ और जवाबों में टालमटोल के बाद ED ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सोनवानी को 7 दिनों के लिए ED की हिरासत (Remand) में भेज दिया है, ताकि वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल का पता लगाया जा सके।
आरोप है कि टामन सिंह सोनवानी ने 2020 और 2021 की राज्य सेवा परीक्षाओं (CGPSC) के प्रश्नपत्र लीक किए। इसके बदले उन्होंने भारी मात्रा में आर्थिक लाभ लिया। उन्होंने चयन प्रक्रिया में हेरफेर करके अपने रिश्तेदारों, करीबियों और रिश्वत देने वाले अभ्यर्थियों को डिप्टी कलेक्टर व अन्य उच्च पदों पर चयनित करवाया। ED ने इस मामले में जांच का जिम्मा सीबीआई (CBI) द्वारा दर्ज की गई शुरुआती एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर संभाला है।



