अंबेडकर अस्पताल की इमरजेंसी में एसी फटा… आग और धुआं, मरीजों की गोद में लेकर भागे डॉक्टर-स्टाफ… फायर गाड़ियों से आग काबू में, फैला है धुआं
छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में आज 28 जुलाई, मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह वार्ड में एसी कंप्रेसर का फटना और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। धमाका और आग की वजह से ही पूरे अस्पताल परिसर और आपातकालीन वार्ड में घना धुआं फैल गया। अस्पताल में हड़कंप मचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों तुरंत मोर्चा संभाला। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती गंभीर मरीजों को आनन-फानन में सुरक्षित निकालकर दूसरे विभागों में शिफ्ट किया गया है। कैजुअल्टी से लगभग मरीज हटा लिए गए हैं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर के वार्डों और कॉरिडोर में धुएँ का असर बना हुआ है। एसी कैसे फटा, यह जाँच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन इस मामले में अस्पताल के डॉक्टर और पैरामेडिकल अस्पताल भी प्रबंधन को लेकर प्रतिकूल टिप्पणी कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। राहत कार्य लगातार चल रहे हैं। बता दें कि अंबेडकर अस्पताल मौदहापारा थाना क्षेत्र में है।



