भारत माता की महाआरती में देशभक्तों का सैलाब… राजेश मूणत का संदेश- देश अब सहन नहीं करता, देता है मुंहतोड़ जवाब

रायपुर पश्चिम के दिग्गज भाजपा विधायक राजेश मूणत के आयोजन ‘भारत माता की महाआरती’ में राजधानी के देशभक्तों का सैलाब उमड़ गया। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत म हमारी सेना का शौर्य और ऑपरेशन सिंदूर की झलक भी नज़र आई। महाआरती में भीड़ का ये आलम था कि जहां तक नज़र जाए, सिर्फ़ लोग ही नज़र आ रहे थे। आरती के बाद पुरुषोत्तम चंद्राकर एवं राकेश तिवारी की सांस्कृतिक प्रस्तुति से रात तक देशभक्ति का उत्साह बना रहा। उपस्थित जनसमूह को संक्षिप्त संबोधन में पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने संदेश दिया कि एकता से खिलवाड़ नहीं सहेंगे।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक पर एक भव्य और भावनात्मक आयोजन हुआ। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और राष्ट्रीय एकता के प्रति जनभावना का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में 101 पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच मां भारती की आरती की गई। दीप, धूप और कपूर के साथ आरती स्थल पर उपस्थित हजारों लोगों ने भारत माता को नमन किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा चौक गूंज उठा। राजेश मूणत ने अपने संबोधन में कहा यह राष्ट्रीय एकता, समर्पण और बलिदान की भावना को समर्पित श्रद्धांजलि है। भारत माता की आरती, उन सभी शहीदों को सम्मान है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
राजेश मूणत ने मंच से स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत को कमजोर समझने की भूल करने वालों को हर बार जवाब मिलेगा। भारत अब सहन नहीं करता, सीधे उत्तर देता है।कार्यक्रम में भारत के सैन्य बलों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों को सलाम किया गया।
तिरंगा यात्रा का समापन भारत माता चौक पर
रायपुर पश्चिम के सभी 20 वार्डों से गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। वार्ड पार्षद और स्थानीय नेताओं सहित युवाओं की टोली बाइक में सवार होकर वार्ड भ्रमण करते हुए भारत माता की आरती कार्यक्रम स्थल भारत माता चौक पर पहुंची। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू, राजीव अग्रवाल, छगन लाल मुंदडा, ओंकार बैस तथा नवनियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष योगिराज टिकरिया आदि उपस्थित थे।



